प्रेम रस सिद्धांत (भाग 1)
✨✨✨✨✨✨✨✨✨
🙏🏼श्रीमद् सद्गुरु सरकार की जय🙏🏼
✨प्रेम रस सिद्धान्त (भाग 1) - जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज✨
🌷"श्री राधे"🌷
🌿अध्याय 1 - जीव का चरम लक्ष्य 🌿
विश्व का प्रत्येक जीव बिना किसी प्रयोजन के कोई कार्य नहीं करता, यह एक अनुभवसिद्ध सिद्धांत है । दर्शनशास्त्र कहता है, 'प्रयोजनमनुद्दिश्य मन्दोऽपि न प्रवर्तते' अर्थात् घोर से घोर मूर्ख भी बिना प्रयोजन के कोई कार्य नहीं करता । अतएव प्रत्येक कार्य का पृथक्-पृथक् प्रयोजन होना भी स्वाभाविक होना चाहिए, किन्तु ऐसा नहीं है । कार्य अनंत होते हुए भी प्रयोजन एक ही है । सुनने में यह बात विचित्र सी है किन्तु विचार करने पर साधारण एवं स्वाभाविक है ।
कुछ लोग कह सकते हैं कि बिना प्रयोजन के भी तो कार्य हैं; यथा -
खल बिनु स्वारथ पर अपकारी ।
जे बिनु काज दाहिने बाँये ।
अर्थात् दुष्ट बिना प्रयोजन के पर-अपकारी होते हैं । इसी प्रकार -
पर उपकार बचन मन काया । सन्त सहज सुभाव खगराया ॥
भूर्ज तरू सम सन्त कृपाला । परहित सह नित विपति विसाला ॥
अर्थात् महापुरुष बिना प्रयोजन के परोपकार करता है एवं इसी प्रकार महापुरुषों के आराध्य परात्पर सर्वशक्तिमान भगवान् भी बिना प्रयोजन के ही परोपकार करते हैं । इस प्रकार दुष्ट, सन्त एवं भगवान् तीनों ही बिना प्रयोजन कार्य करते हैं । तब उपर्युक्त सिद्धांत तो इसी से खण्डित हो जाता है । किन्तु ऐसी बात नहीं है । इन तीनों का भी कुछ न कुछ प्रयोजन अवश्य है ।
यथा -
'जो काहू की देखहिं विपती, सुखी होहिं मानहु जग नृपति'
अर्थात् दूसरे को दुःखी देखकर दुष्ट को सुख मिलता है यही उसका गुप्त प्रयोजन है । इसी प्रकार महापुरुष एवं भगवान् भी -
'पर दुख दुख, सुख सुख देखे पर'
अर्थात् दूसरे के दुःख को देखकर दुःखी होते हैं एवं दूसरे के सुख को देखकर सुखी होते हैं । अस्तु सुखी बनने के लिए परोपकार रूपी कार्य करते हैं । इस प्रकार पर-अपकार रूपी कार्य से दुष्ट को एवं परोपकार रूपी कार्य से संत, भगवान् को सुख मिलता है । इस प्रकार सुख-प्राप्ति-रूपी प्रयोजन सिद्ध हुआ ।
✨✨✨✨✨✨✨✨✨
Comments
Post a Comment